“मैं मरूंगी, तुम भी मरना…” शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या
‘रोशनी’ बुझी तो ‘मुकेश’ के ज़िन्दगी में छा गया ‘अंधेरा’!
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो झांसी।
बरुआसागर थाना क्षेत्र के कंपनी बाग गांव में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 18 वर्षीय रोशनी कुशवाहा की शादी मात्र चार महीने पहले एक जून 2025 को मुकेश कुशवाहा से हुई थी। बीते कुछ दिनों से वह आत्महत्या की बात बार-बार दोहरा रही थी, जिसे लेकर पति और परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी।
शनिवार को रोशनी ने फिर से आत्महत्या की बात कही। पति ने उसे समझाया और रोज की तरह काम पर चला गया। घर में अकेली रह गई रोशनी ने कुछ ही देर बाद साड़ी से फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी।
शाम करीब चार बजे जब मुकेश का छोटा भाई दीपचंद घर लौटा, तो उसने रोशनी को फंदे से लटका देखा। तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
तांत्रिक से भी कराई गई थी झाड़-फूंक
मुकेश कुशवाहा ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में रोशनी खुश थी, लेकिन पिछले पंद्रह दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान लग रही थी। वह बार-बार कहती थी कि वह जहर खाकर मर जाएगी और पति को भी ऐसा करने को कहती थी। इस बात की जानकारी उसने रोशनी के मायके वालों को भी दी थी। परिजनों ने उसे तांत्रिक के पास भी ले जाया, जहां बताया गया कि उस पर “ऊपरी असर” है। दो बार झाड़-फूंक भी कराई गई।
शनिवार को भी रोशनी ने आत्महत्या की बात कही थी। पति ने समझाया और रिश्तेदारों को बुलाकर भी समझाने की कोशिश की गई। इसके बाद वह काम पर चला गया। घर में उस समय कोई नहीं था।
घर के सभी सदस्य काम पर थे
मुकेश ने बताया कि वह बरुआसागर में नवोदय स्कूल के पास शटरिंग का काम करता है। उसकी मां रामप्यारी, चाचा संजू, भाई दीपचंद (16) और बहन गायत्री (12) भी निवाड़ी क्षेत्र में काम पर गए थे। शाम को दीपचंद के लौटने पर घटना का पता चला।
पुलिस ने शुरू की जांच
बरुआसागर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक तनाव का प्रतीत होता है। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










