उन्नाव में एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 4 की मौत, 2 घायल
तेज रफ्तार अर्टिगा ने डिवाइडर तोड़कर सफाईकर्मियों को रौंदा
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो उन्नाव।
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार सफाईकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 257-258 के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को रौंद दिया। इसके बाद कार पलट गई और हादसे के बाद लाशें 100 मीटर तक बिखर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का टायर फटने के कारण ड्राइवर गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। वह आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सफाईकर्मियों को बचने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे में मृतकों की पहचान
मृतकों में लवकुश (40) पुत्र रामनाथ, रामकिशोर (38) पुत्र गोकरन, मुनेश (45) पुत्र राधे और सरवन (35) पुत्र राजपाल शामिल हैं, जो सभी उन्नाव के विभिन्न गांवों के निवासी थे। वहीं, राकेश (40) और कृष्णपाल (55) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बयां किया दिल दहला देने वाला मंजर
हादसे के गवाह मुकेश ने बताया कि वे छह कर्मचारी सफाई का काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने अचानक डिवाइडर तोड़ते हुए उनकी लेन में प्रवेश किया। वह खुद किसी तरह बच निकला, लेकिन उसके साथ काम कर रहे छह लोग गाड़ी के नीचे आ गए। मुकेश के भाई मुनेश भी इस हादसे में घायल होकर दम तोड़ गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
तीन गांवों में छाया मातम
झब्बाखेड़ा, राजाखेड़ा और अकबरखेड़ा गांवों में इस हादसे को लेकर भारी शोक का माहौल है। मृतक परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और हादसे से उनके घरों में भारी संकट आ गया है। अकबरखेड़ा निवासी सरवन के परिवार में पत्नी धरानी और तीन छोटे बच्चे शिवम (11), सत्यम (8) व पवन (4) हैं, जो अब अनाथ हो गए हैं। वहीं, लवकुश की पत्नी दयावती और बच्चे भी गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग कर रहे हैं।
लंबा जाम और सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर लगभग 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।










