अमेरिका में बांग्लादेश के अंतरिम प्रमुख मोहम्मद यूनुस का विरोध, ‘पाकिस्तान वापस जाओ’ के लगे नारे
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो नई दिल्ली।
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को शुक्रवार को अमेरिका में यूएन महासभा के बाहर विरोध का सामना करना पड़ा। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और यूनुस को ‘यूनुस गो बैक’ और ‘यूनुस पाकिस्तान’ कहकर पुकारा।
प्रदर्शनकारियों ने यूनुस पर पक्षपात और खराब शासन का आरोप लगाया, साथ ही उनकी सरकार पर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय पर हमलों की अनुमति देने का गंभीर आरोप भी लगाया। विरोध का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि 2024 में बांग्लादेश में हुए जेन जी आंदोलान के बाद देश की 15 साल से सत्ता में रही शेख हसीना सरकार को हटाकर नई अंतरिम सरकार बनाई गई, जिसका नेतृत्व मोहम्मद यूनुस कर रहे हैं। शुक्रवार को यूएन महासभा में यह उनका दूसरा भाषण था।
यूएन महासभा में अपने संबोधन के दौरान यूनुस ने कहा, “पिछले साल मैंने इस मंच से एक बदलाव की बात की थी। आज मैं यह कह सकता हूं कि हम काफी आगे बढ़ चुके हैं और परिवर्तन की राह पर हैं।”
हालांकि, उनके इस भाषण के बाहर विरोध प्रदर्शन ने उनके सामने बड़ी चुनौतियां प्रस्तुत की हैं।










