अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन ने रचा इतिहास
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज /घुघली
महराजगंज,रविवार को हाजी अजह़र खान इंटर कॉलेज में अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय रहा क्योंकि लगभग 80 प्रतिशत अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर इसे ऐतिहासिक सफलता प्रदान की।
ग्रामीण अंचल के विद्यालयों में इस प्रकार की सक्रिय भागीदारी कम ही देखने को मिलती है, किंतु इस सम्मेलन ने सिद्ध कर दिया कि शिक्षा के प्रति अभिभावकों की जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है।
इस अवसर पर अभिभावकों ने न केवल बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की बल्कि शिक्षण-प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी प्रस्तुत किए। विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि उनके सुझावों पर गंभीरता से विचार कर शिक्षण कार्य में शामिल किया जाएगा।प्रधानाचार्या पूजा शाही ने अपने संबोधन में कहा कि “जब अभिभावक और शिक्षक एकजुट होकर कार्य करते हैं तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।” उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव और नई चेतना का प्रतीक बताया।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सलीम खान, शिक्षिका नेहा त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










