अयोध्या की रामलीला ने रचा विश्व रिकॉर्ड, 62 करोड़ रामभक्त बने साक्षी, 50 देशों में हुआ भव्य प्रसारण
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो अयोध्या।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आयोजित भव्य रामलीला ने इस वर्ष एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस पावन आयोजन को 50 से अधिक देशों में डिजिटल माध्यमों से प्रसारित किया गया, जिसे दुनियाभर में 62 करोड़ से अधिक रामभक्तों ने श्रद्धापूर्वक देखा। यह आयोजन अब केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम न रहकर, वैश्विक स्तर पर सनातन संस्कृति के गौरव का प्रतीक बन चुका है।
इस भव्य रामलीला में दिल्ली और मुंबई से आए 250 से अधिक प्रतिष्ठित फिल्मी कलाकारों ने भाग लिया, जिन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा से कथा को जीवंत कर दिया। आधुनिक थ्री-डी तकनीक, विशेष प्रकाश प्रभाव और भव्य मंच सज्जा ने इस धार्मिक आयोजन को अत्यंत दिव्य और दर्शनीय बना दिया।
इस ऐतिहासिक प्रसारण पर 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई, जिसे विभिन्न डिजिटल और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की सक्रिय भागीदारी और प्रयासों से यह आयोजन वैश्विक फलक पर पहुँच सका।
अयोध्या की यह रामलीला अब न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति का संदेश प्रसारित कर रही है। प्रभु श्रीराम की लीलाओं का यह दिव्य मंच अब विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक मंच बन चुका है।










