फर्रुखाबाद: कोचिंग सेंटर में भीषण धमाका, दो छात्रों की दर्दनाक मौत, पांच गंभीर
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश)।
शनिवार शाम फर्रुखाबाद शहर के सातनपुर मंडी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों तक इसकी गूंज सुनाई दी और भवन के हिस्से दूर तक बिखर गए।
धमाके की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना की जांच में जुटी है।
*धुएं और चीख-पुकार से भर गया माहौल*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार की शाम कोचिंग सेंटर में अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे चारों ओर धुआं फैल गया और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो कई छात्र खून से लथपथ घायल अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
डॉक्टरों ने सात छात्रों को इलाज के लिए भर्ती किया, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। पांच अन्य की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
*विस्फोट की तीव्रता से 2 किलोमीटर तक गूंजी आवाज*
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर तक सुनी गई। कोचिंग सेंटर की दीवारें, दरवाजे और छत के हिस्से 20 से 50 मीटर दूर तक जा गिरे। लोहे की जाली करीब 150 मीटर दूर एक पानी के गड्ढे में पाई गई। परिसर में खड़ी बाइक और स्कूटी तक 50 मीटर दूर जा छिटकीं। आसपास के कई मकानों के शीशे भी चकनाचूर हो गए।
*सेप्टिक टैंक में गैस बनने से हुआ हादसा*
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस भयावह हादसे का कारण कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बने सेप्टिक टैंक में गैस (संभवत: मीथेन) का अत्यधिक दबाव बनना बताया गया है। टैंक के पास एक स्विच बोर्ड मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि गैस और विद्युत संपर्क के कारण विस्फोट हुआ। फॉरेंसिक जांच में मीथेन गैस की पुष्टि हुई है।
*एक व्यक्ति हिरासत में, रिकॉर्ड जब्त*
पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और कोचिंग सेंटर से जुड़े सभी दस्तावेज व रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। वहीं, बिल्डिंग के मलबे में और किसी के फंसे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि धमाके से जुड़ी हर संभावना की जांच की जा सके।
एसपी आरती सिंह ने बताया, “करीब 3:19 बजे धमाके की सूचना मिली। शुरुआती जांच में पता चला है कि बेसमेंट में मौजूद सेप्टिक टैंक में कंसन्ट्रेटेड मीथेन गैस जमा हो गई थी, संभवतः एक स्विच बोर्ड के संपर्क में आने से विस्फोट हुआ। जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है।”










