गन पॉइंट पर लूटी 86 किलो चांदी, सराफा कारोबारी को सुंघाई बेहोशी की दवा
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो रायपुर।
राजधानी में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने गन पॉइंट पर एक सराफा कारोबारी से करीब 1.50 करोड़ रुपये की चांदी लूट ली। नकाबपोश लुटेरों ने कारोबारी की कनपटी पर बंदूक तानकर उसे बेहोशी की दवा सुंघाई और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद फ्लैट में रखे करीब 86 किलो चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए।
घटना सदर बाजार स्थित जैन मंदिर के पीछे राजधानी पैलेस की है, जहां राहुल गोयल नामक सराफा कारोबारी किराए के फ्लैट में रहते हैं। वह मूल रूप से आगरा (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 4 बजे दो नकाबपोश युवक कारोबारी के फ्लैट पहुंचे और दरवाजा खुलते ही बंदूक तान दी। इसके बाद कारोबारी को बेहोश कर लूट को अंजाम दिया गया। राहुल गोयल को करीब सुबह 11 बजे होश आया, तब जाकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।










