बिना अनुमति बन रही कॉलोनियों पर लगे रोक: सीएम योगी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नगर निकाय की अनुमति और नियमानुसार स्वीकृति के बिना विकसित हो रही कॉलोनियों और बस्तियों पर शुरुआत में ही रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि शहरी विकास योजनाबद्ध और समन्वित ढंग से होना चाहिए।
शनिवार को हुई नगर विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों पर सख्ती जरूरी है ताकि शहरों की संरचना अव्यवस्थित न हो। साथ ही, उन्होंने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल पार्किंग, ऑडिटोरियम और रेस्टोरेंट जैसी परियोजनाएं पीपीपी मॉडल के तहत विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग विभागों की कार्यप्रणाली से योजनाएं देर से पूरी होती हैं, इसलिए संयुक्त कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाए।
उन्होंने मलिन बस्तियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। बस्तियों में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। सीएम ने निर्देश दिए कि इन कार्यों की जिम्मेदारी ठेकेदारों को नहीं, बल्कि नगर निकायों को दी जाए।
सामुदायिक शौचालयों की संख्या बढ़ाने और उनकी नियमित सफाई पर भी उन्होंने जोर दिया। नगर निकाय सीमा से जुड़े नए गांवों में भी मूलभूत सुविधाएं समय से मुहैया कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि बारिश के समय जलभराव की समस्या न हो। ड्रेनेज सिस्टम की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि कहीं लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।










