चुनाव एक-दो चरणों में कराए जाएं, बुर्का पहनने वाली महिलाओं की पहचान सुनिश्चित हो: बिहार बीजेपी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो, पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदान एक या दो चरणों में कराया जाए। पार्टी ने यह भी सुझाव दिया कि बुर्का पहनकर आने वाली महिला मतदाताओं की पहचान वोटर आईडी (ईपीआईसी) से सत्यापित की जाए, ताकि फर्जी मतदान को रोका जा सके।
शनिवार को पटना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आए चुनाव आयोग के दल से बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने किया।
जायसवाल ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले बूथ कैप्चरिंग की घटनाएं हुई हैं, वहां अर्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती की जाए। खासतौर से नदी किनारे के इलाकों में घुड़सवार बल (माउंटेड पुलिस) की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि अति पिछड़े और संवेदनशील गांवों में मतदान से पहले फ्लैग मार्च कराया जाए, जिससे मतदाताओं का विश्वास बढ़े और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित हो सके।
बीजेपी ने चुनाव आयोग से जल्द चुनाव की घोषणा करने और मतदान 3 से 4 नवंबर के बीच कराने का भी सुझाव दिया।










