“आजम खान पार्टी की धड़कन हैं”: अखिलेश यादव की भावुक मुलाकात
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो रामपुर।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की और उन्हें “पार्टी की धड़कन” बताया। उन्होंने कहा कि आजम खान को झूठे मुकदमों में फंसाकर राजनीतिक उत्पीड़न किया गया है।
करीब डेढ़ घंटे चली इस मुलाकात में अखिलेश और आजम अकेले में चर्चा करते रहे। मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने एक भावनात्मक ट्वीट किया..
“क्या कहें भला उस मुलाक़ात की दास्तान… जहां बस जज़्बातों ने खामोशी से बात की।”
भावनात्मक लम्हा: कलम की सौगात
अखिलेश ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें एक फोटो में आजम खान उन्हें एक कलम भेंट करते नजर आ रहे हैं। यह वही प्रतीकात्मक कलम है, जिसकी बात आजम अक्सर अपने भाषणों में करते रहे हैं.. “बच्चों के हाथों में कलम दी है, ताकि वो पढ़-लिख सकें और मजदूरी करने को मजबूर न हों।”
अकेले मिलने की शर्त के राजनीतिक मायने?
मुलाकात से पहले आजम खान ने साफ कहा था कि वे अखिलेश यादव से अकेले मिलना चाहते हैं, किसी अन्य नेता की मौजूदगी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि ईद पर उनकी पत्नी अकेली रहीं, लेकिन कोई हाल पूछने तक नहीं आया।
हालिया दिनों में आजम खान के बसपा में जाने की अटकलें भी तेज थीं। ऐसे में अखिलेश यादव की यह व्यक्तिगत मुलाकात रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।










