मायावती का सपा पर वार, योगी सरकार की तारीफ
2027 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी बसपा: मायावती
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो लखनऊ।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित एक विशाल रैली में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और योगी सरकार की कुछ नीतियों की सराहना की। पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में सपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और भाजपा सरकार की तुलना में उसे पिछड़ा बताया।
मायावती ने कहा कि जब बसपा सत्ता में थी, तब कासगंज जिले का नाम “मान्यवर कांशीराम नगर” रखा गया था, लेकिन सपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस नाम को बदल दिया, जो कांशीराम जी के अपमान के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने न तो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने की पहल की और न ही उनके विचारों का सम्मान किया। रैली में मायावती ने यह भी ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में होने वाला अगला विधानसभा चुनाव 2027 का बहुजन समाज पार्टी अकेले लड़ेगी।
दलितों को एकजुट होने का आह्वान
मायावती ने रैली में उपस्थित लाखों समर्थकों से दलित समाज के प्रति सपा की उपेक्षा और नीतिगत भेदभाव के खिलाफ जागरूक और संगठित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि “समाज को अब और भ्रम में नहीं रहना चाहिए, जो हमें ही भूल जाए, उसे सत्ता में नहीं लाना चाहिए।”
योगी सरकार को लेकर सकारात्मक रुख
अपने संबोधन में मायावती ने अप्रत्याशित रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कांशीराम स्मारक स्थल पर आने वाले लोगों से एकत्र होने वाले धन को रोका नहीं है और इस राजस्व का उपयोग पार्कों और स्मारकों के रखरखाव में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “जब बसपा सत्ता में थी, तब हमने यह तय किया था कि स्मारकों का रखरखाव स्ववित्तपोषित होगा और जनता से एकत्र राशि का उपयोग सिर्फ इन्हीं उद्देश्यों में किया जाएगा। मौजूदा सरकार ने इस नीति में हस्तक्षेप नहीं किया, जो सराहनीय है।”
रैली में उमड़ा जनसैलाब
रैली में लाखों की संख्या में बसपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। मायावती ने कहा कि स्मारक की मरम्मत के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं और यह कांशीराम जी के प्रति लोगों के सच्चे सम्मान का प्रतीक है।










