Home / Trending News / रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो अलीगढ़।

भारतीय क्रिकेटर और अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनकी प्रमोशनल टीम को ईमेल के जरिए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह धमकी कुख्यात गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी की ओर से भेजी गई थी। फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच रिंकू की टीम को तीन धमकी भरे ईमेल भेजे गए। शुरुआती मेल में खुद को प्रशंसक बताते हुए आर्थिक मदद मांगी गई, जबकि दूसरे और तीसरे मेल में सीधे पांच करोड़ की मांग और डी-कंपनी का हवाला दिया गया।

मुंबई पुलिस ने वेस्टइंडीज से दो युवकों- मोहम्मद दिलशाद और मोहम्मद नवेद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने धमकी भेजने की बात कबूल की है।

इस पूरे मामले के बाद अलीगढ़ पुलिस ने रिंकू सिंह के ओजोन सिटी स्थित आवास पर पहुंचकर परिवार से बातचीत की। परिवार की ओर से सुरक्षा की कोई मांग नहीं की गई, फिर भी स्थानीय पुलिस ने ऐहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है।

इससे पहले एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को भी इसी गैंग की ओर से धमकी दी गई थी। उसी मामले की जांच के दौरान रिंकू सिंह से जुड़ी जानकारी सामने आई।

फिलहाल रिंकू सिंह कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। अलीगढ़ में वे मौजूद नहीं हैं। जून में रिंकू की सगाई सपा सांसद प्रिया सरोज से हुई थी।

एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि क्रिकेटर रिंकू सिंह या उनके परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामला पूरी तरह मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा हैंडल किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *