Home / Trending News / “लिव-इन रिश्ते आम की गुठली जैसे, बेटियां रहें सतर्क” – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

“लिव-इन रिश्ते आम की गुठली जैसे, बेटियां रहें सतर्क” – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

लिव-इन रिश्ते आम की गुठली जैसे, बेटियां रहें सतर्क” – राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 47वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बेटियों को लिव-इन रिलेशनशिप के खतरों से आगाह किया। उन्होंने कहा,
“यह समाज आम खाता है और गुठली फेंक देता है, बेटियों को सतर्क रहने की जरूरत है।”

राज्यपाल ने कहा कि हाल के दिनों में ऐसी कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लिव-इन में रह रहीं युवतियों को उनके साथियों ने बीच राह छोड़ दिया। कई मामलों में लड़कियों के पास छोटे बच्चे भी हैं। उन्होंने बेटियों से सुनियोजित और सोच-समझकर फैसले लेने की अपील की।

बंद कमरे में सुनी बेटियों की पीड़ा

राज्यपाल ने बताया कि उन्होंने कुछ छात्राओं से बंद कमरे में बातचीत की, जिनमें से कई ने घरेलू उत्पीड़न की दास्तां सुनाई.. किसी ने पिता, तो किसी ने मामा, काका और पड़ोसी द्वारा शोषण की बात कही।
“इन बेटियों ने हिम्मत दिखाई, एफआईआर कराई और दोषियों को सजा दिलाई,” उन्होंने कहा।

उन्होंने छात्रावासों के पास शराब और नशे के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई और कहा कि “ड्रग्स और शराब जैसे गंभीर मुद्दों पर समाज को अब चुप नहीं रहना चाहिए।”

101 छात्रों को स्वर्ण पदक, ट्रांसजेंडर को भी सम्मान

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने 101 छात्रों को 103 गोल्ड मेडल प्रदान किए। इस बार तीन ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को भी उपाधि देकर विश्वविद्यालय ने समावेशिता का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की, जबकि एम्स दिल्ली की प्रोफेसर सरोज चूड़ामणि मुख्य अतिथि रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *