एनडीए से नाराज़ या दबाव की रणनीति? चिराग पासवान ने बुलाई आपात बैठक
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो पटना।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने गुरुवार को पार्टी की आपात बैठक बुलाई है, जिसे लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या चिराग एनडीए से नाराज़ हैं या सीट बंटवारे को लेकर दबाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं।
बता दें कि अब तक एनडीए और महागठबंधन, दोनों में सीटों का तालमेल तय नहीं हो पाया है। खासकर एनडीए में चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
इस अहम बैठक में सांसदों, चुनाव प्रभारियों, प्रदेश उपाध्यक्षों, प्रधान महासचिवों के साथ-साथ पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को बुलाया गया है। बैठक की अध्यक्षता बिहार चुनाव प्रभारी बनाए गए सांसद अरुण भारती करेंगे।
चुनाव से ठीक पहले इस तरह की इमरजेंसी बैठक ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या चिराग पासवान एनडीए में अपने हितों की अनदेखी को लेकर असंतुष्ट हैं या यह सीटों के लिए दबाव बनाने की एक सियासी चाल है?










