Home / Trending News / अयोध्या में भीषण विस्फोट से मकान ढहा, पिता समेत पांच की मौत,   कई मासूम घायल

अयोध्या में भीषण विस्फोट से मकान ढहा, पिता समेत पांच की मौत,   कई मासूम घायल

 अयोध्या में भीषण विस्फोट से मकान ढहा, पिता समेत पांच की मौत,   कई मासूम घायल

 

*पटाखों का स्टोरेज बना काल, घटनास्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद, रेस्क्यू जारी*

 

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो अयोध्या।

 

जिले के भदरसा भरतकुंड क्षेत्र के पगलाभारी गांव में गुरुवार शाम एक जोरदार धमाके के साथ मकान भरभराकर ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पिता और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा महाराणा प्रताप वार्ड निवासी रामकुमार उर्फ पारसनाथ के मकान में हुआ। विस्फोट इतना तीव्र था कि मलबा करीब 500 मीटर तक फैल गया और आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

 

सूचना मिलते ही अयोध्या एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल द्वारा मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला गया है, वहीं अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आसपास के घरों को एहतियातन खाली करा लिया गया है।

 

पुलिस सूत्रों का कहना है कि मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था, जिससे विस्फोट हुआ। हालांकि घटनास्थल पर गैस जैसी गंध भी महसूस की गई है, जिसके चलते गैस सिलेंडर विस्फोट की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। जांच जारी है।

 

गौरतलब है कि इसी गांव में एक वर्ष पूर्व भी विस्फोट की घटना हो चुकी है, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी। वहीं, बीते चार दिनों में अयोध्या में यह दूसरा बड़ा धमाका है। इससे पहले 5 अक्टूबर को बीकापुर कोतवाली क्षेत्र में हुए धमाके में एक युवक की मौत हो गई थी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

 

पगलाभारी गांव की इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या रिहायशी इलाकों में पटाखों का भंडारण खुला खतरा नहीं बन चुका है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *