खड़ंजा विवाद में चाकूबाजी, छह घायल-दोनों पक्षों पर मुकदमा
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत अल्लोपुर गांव में गुरुवार को सरकारी खड़ंजा उखाड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी और लाठी-डंडों तक पहुंच गया। हिंसक झड़प में दोनों ओर से आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हेमंत कुमार ने आरोप लगाया कि विपक्षी शिवपाल, ऐश्वाथ, संतोष और जग्गू सरकारी खड़ंजा हटाकर पिलर निर्माण कर रहे थे। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हेमंत, शैलेन्द्र और सोनू पर हमला किया गया। शैलेन्द्र को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
हेमंत की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के राकेश गुप्ता ने भी अरुण, गोलू, मंटू, सोनू, सुरेंद्र और महेंद्र के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। इस झड़प में विपिन गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










