दीक्षांत समारोह में डॉ घनश्याम सिंह पीजी कॉलेज के चार छात्रों नें हासिल किया स्वर्ण पदक
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
वाराणसी। शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाते हुए, डॉ. घनश्याम सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय,सोयेपुर,लालपुर,वाराणसी के छात्रों ने विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में अभूतपूर्व सफलता अर्जित की है। महाविद्यालय के छात्रों ने विभिन्न संकायों और पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप टेन सूची में अपनी जगह बनाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रों ने न केवल शीर्ष दस स्थानों पर कब्जा किया है, बल्कि इनमें से चार छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। जिनमें एम.एड. में सीखा सिंह ने (स्वर्ण पदक),एम.एससी.भौतिक विज्ञान में पूजा पटेल(स्वर्ण पदक),एम.एससी.बायोटेक्नोलॉजी में शशांक गुप्ता(स्वर्ण पदक),एम.ए.भूगोल में प्रशांत सिंह
(स्वर्ण पदक) सहित हिंदी,एम.एड.,फिजिक्स,बायोटेक्नोलॉजी,भूगोल,केमेस्ट्री,मनोविज्ञान,गृह विज्ञान,शिक्षा शास्त्र आदि विषयों में कुल 38 विद्यार्थियों ने शीर्ष दस (टॉप टेन) की वरीयता सूची में स्थान अर्जित किया है।यह शानदार उपलब्धि न सिर्फ महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह क्षेत्र की शैक्षिक तस्वीर को भी उज्जवल करती है। यह परिणाम महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों के समर्पण और छात्रों की अथक मेहनत को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने छात्रों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि “यह हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। 4 स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) और शीर्ष दस (टॉप टेन) में 38 स्थान मिलना यह प्रमाणित करता है कि हम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अपने लक्ष्य को सही दिशा में प्राप्त कर रहे हैं। हम अपने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं और उन्हें निरंतर प्रेरित करते रहने के लिये कृतसंकल्पित हैं।”
महाविद्यालय के प्रशासक संजीव सिंह ने कहा कि “यह परिणाम न केवल सफल होने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि यह महाविद्यालय के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस सफलता ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र भी सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से अपनी पहचान बना सकते हैं।”
महाविद्यालय की प्रबंधन समिति ने भी इस शानदार परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि वे छात्रों को स्तरीय शैक्षिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों के अथक मार्गदर्शन और छात्रों के अनुशासन तथा समर्पण की सराहना की।
इस उपलब्धि से डॉ. घनश्याम सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय अपनी प्रतिबद्धता एवं छात्रोन्मुख उद्देश्यपूर्ति के साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान के रूप में अपनी धाक जमा चुका है।










