रामलीला सामग्री में आग, लाखों का नुकसान
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी अंतर्गत सुल्तानीपुर गांव में गुरुवार देर रात रामलीला समिति के सामान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस अग्निकांड में श्री भीमल ब्रह्म बाबा रामलीला समिति और एक डीजे संचालक का लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, भरतमिलाप मंचन के बाद समिति के सदस्यों ने वेशभूषा, टेंट, कुर्सियां, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि मंदिर परिसर स्थित कमरे में सुरक्षित रख दिए थे। केवल मंदिर पर ठहरे एक ब्राह्मण व्यक्ति बाहर सो रहे थे। रात में कमरे से धुआं निकलता देख उन्होंने पास के तालाब से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
इस घटना में रामलीला समिति का सारा सामान, टेंट, शामियाना, कुर्सियां, और डीजे संचालक का इलेक्ट्रॉनिक सेटअप पूरी तरह नष्ट हो गया। समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार चौबे ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर लगभग ढाई लाख रुपये की क्षति की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।










