अयोध्या: महंत राममिलन दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु, भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो अयोध्या।
रावत मंदिर के महंत राममिलन दास रामायण की शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। खाना खाने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। आनन-फानन में शिष्यों ने उन्हें श्री राम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा मौके पर पहुंचे और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिष्यों के अनुसार, महंत राममिलन दास ने शाम करीब 7 बजे भोजन किया था। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। नौकरानी के शोर मचाने पर शिष्य वहां पहुंचे और तत्काल अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद संत समाज में शोक की लहर फैल गई। दिगंबर अखाड़ा के महंत राम लखन दास और वामन मंदिर के वैदेही वल्लभ शरण अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही पोस्टमार्टम कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










