Home / Trending News / भूमि विवाद से आहत बुजुर्ग टावर पर चढ़ा, न्याय की मांग पर अड़ा; प्रशासनिक हस्तक्षेप जारी

भूमि विवाद से आहत बुजुर्ग टावर पर चढ़ा, न्याय की मांग पर अड़ा; प्रशासनिक हस्तक्षेप जारी

भूमि विवाद से आहत बुजुर्ग टावर पर चढ़ा, न्याय की मांग पर अड़ा; प्रशासनिक हस्तक्षेप जारी

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो कुशीनगर (पटहेरवा)।

भूमि विवाद से परेशान एक 65 वर्षीय बुजुर्ग शुक्रवार को गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गए। यह घटना पटहेरवा थाना क्षेत्र के बलुआ तकिया गांव की है, जहां हरेंद्र राय नामक व्यक्ति न्याय न मिलने से क्षुब्ध होकर आत्मवेदना में ऐसा कदम उठा बैठे। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम उन्हें नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है, लेकिन वे एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

हरेंद्र राय की बेटी अंजलि राय ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को वे अपने पिता के साथ तहसील गई थीं, जहां एसडीएम आकांक्षा मिश्र ने कथित तौर पर उनसे दुर्व्यवहार कर भगा दिया। इसी बात से आहत होकर उनके पिता ने यह कदम उठाया।

 

एसडीएम आकांक्षा मिश्र ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हरेंद्र राय तहसील आए थे, उन्हें पूरा मौका दिया गया था अपनी बात रखने का। उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि संबंधित भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, और न्यायिक आदेश की स्थिति में प्रशासनिक कार्रवाई सीमित है।

 

प्रशासन के अनुसार, विवादित भूमि का तीन बार सीमांकन कराया जा चुका है और वर्तमान में मामला दीवानी न्यायालय में लंबित है। न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश भी पारित किया गया है।

 

अंजलि राय का कहना है कि उनके चाचाओं ने विवादित भूमि पर मकान का निर्माण करा लिया है, जबकि उनका मकान पिछले छह महीने से अटका हुआ है। परिवार इस मामले में कई बार मुख्यमंत्री दरबार, तहसील समाधान दिवस और अन्य प्रशासनिक स्तरों पर आवेदन दे चुका है, लेकिन उन्हें अब तक संतोषजनक समाधान नहीं मिला।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। देर शाम तक प्रशासन उनसे संवाद बनाकर टावर से नीचे उतारने के प्रयासों में जुटा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *