गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो पणजी।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कृषि मंत्री रवि नाइक का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बुधवार सुबह कार्डियक अरेस्ट के चलते उन्होंने पोंडा के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित जनसेवक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रवि नाइक ने गोवा की राजनीति और विकास पर अमिट छाप छोड़ी है।
*जनसेवा से मुख्यमंत्री पद तक का सफर*
रवि नाइक ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पोंडा नगर परिषद से की थी। 1984 में पहली बार विधायक बने और 1991 में गोवा के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने दशकों तक राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री के अलावा उन्होंने कई अहम विभागों का नेतृत्व किया और बतौर कृषि मंत्री, ग्रामीण विकास व किसान कल्याण में उल्लेखनीय योगदान दिया।
राज्य ने खोया एक अनुभवी नेता
रवि नाइक के निधन को गोवा ने एक बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक स्तंभ के रूप में देखा है। सामाजिक, राजनीतिक और विकास के क्षेत्रों में उनकी भूमिका को लंबे समय तक याद किया जाएगा।










