दो दिवसीय जिलास्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता आज से, तैयारियां पूरी
जिले के विभिन्न ब्लॉकों की विजेता टीमें होंगी शामिल
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो कुशीनगर
पडरौना के जिला स्टेडियम में शनिवार से दो दिवसीय जिलास्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। शुक्रवार की शाम तक मैदान, ट्रैक, झंडारोहण स्थल व मंच की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों की विजेता टीमें भाग लेंगी। बालक व बालिका वर्ग की टीम स्पर्धाओं के साथ व्यक्तिगत प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
जिला व्यायाम शिक्षक अनिल मिश्र ने बताया कि सभी ब्लॉकों के खिलाड़ी अपने-अपने ध्वज के साथ अनुशासित रूप से मार्च पास्ट करेंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है ताकि प्रतियोगिता केवल खेल तक सीमित न रहे बल्कि सर्वांगीण प्रतिभा का प्रदर्शन हो। बीएस डॉ. राम जियावन मौर्य ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया व अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को जिला स्तर पर मंच देना व उन्हें प्रोत्साहित करना है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना व आत्मविश्वास का विकास होता है। बताया कि यह आयोजन शिक्षा विभाग की वार्षिक खेल कैलेंडर की प्रमुख गतिविधि है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्राथमिक व जूनियर स्तर के बच्चे खेलों के माध्यम से नेतृत्व, सहकार्य व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना सीखें। भविष्य में यही खिलाड़ी जिले व राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस दौरान खेल संयोजक बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह, जया राय,राजेश कुमार,रीता गुप्ता जूशिसं जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत मणि त्रिपाठी, मंत्री कुंजेश्वर सिंह, अमरदीप शुक्ल, राकेश यादव आदि मौजूद रहे।










