विश्व एड्स दिवस: यथार्थ नर्सिंग कॉलेज का जागरूकता अभियान बना आकर्षण का केंद्र

आर. डी. मेमोरियल हॉस्पिटल एवं एमसीएच हॉस्पिटल, चंदौली में विविध कार्यक्रम सम्पन्न

CHANDAULI ;   विश्व एड्स दिवस के अवसर पर यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट द्वारा आर. डी. मेमोरियल हॉस्पिटल तथा एमसीएच हॉस्पिटल, चंदौली में एक सार्थक एवं बहुआयामी जागरूकता अभियोग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के बी एससी एवं ए एन एम के प्रशिक्षु विद्यार्थियों ने नाट्याभिनय, संवाद-प्रस्तुति तथा स्वास्थ्य शिक्षण की विविध विधाओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को एच.आई.वी./एड्स के प्रति वैज्ञानिक जागृति, निवारक उपायों एवं सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश प्रदान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक ने रोग के संक्रमण-चक्र, मिथ्या धारणाओं तथा सामाजिक कलंक को प्रभावपूर्ण तरीके से उजागर किया। मंचित प्रस्तुति ने दर्शकों को न केवल विचारोत्तेजित किया, बल्कि उन्हें एच.आई.वी. परीक्षण, रोकथाम तथा समयबद्ध उपचार की अनिवार्यता के प्रति सचेष्ट भी किया।

इस अवसर की गरिमामयी उपस्थिति में यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डॉ. धनंजय सिंह, आर. डी. मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शुभम सिंह एवं डॉ. दिव्यांगी सिंह, साथ ही कॉलेज की प्राचार्या डॉ. जेनेट जे, उप-प्राचार्य प्रदीप गर्ग, तथा असिस्टेंट नर्सिंग प्रोफेसर अनुराधा प्रजापति एवं किशनू झा सम्मिलित रहे।

सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जन स्वास्थ्य कार्यक्रम ग्रामीण एवं शहरी समुदायों में एड्स के संबंध में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करने हेतु अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। साथ ही, ऐसी गतिविधियाँ नर्सिंग विद्यार्थियों में मानवीय उत्तरदायित्व, सामाजिक प्रतिबद्धता एवं स्वास्थ्य-सेवाओं के प्रति पेशेवर संवेदना को भी सुदृढ़ करती हैं।

कार्यक्रम का समापन एच.आई.वी./एड्स उन्मूलन की सामूहिक संकल्प-प्रतिज्ञा के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित समुदाय को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, नियमित जांच कराने तथा संक्रमित व्यक्तियों के प्रति सहानुभूति एवं सम्मान बनाए रखने का अनुरोध किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *