निर्विरोध उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने पंकज चौधरी, महाराजगंज में पटाखे फूटी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महाराजगंज। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए जिले के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का निर्विरोध चयन तय होते ही पूरे जिले में उत्साह का माहौल बन गया। नामांकन प्रक्रिया में केवल उनका ही प्रस्ताव-पत्र दाखिल होने से प्रदेश अध्यक्ष बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया। इस खबर के सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।शनिवार सुबह बदले राजनीतिक परिदृश्य में पंकज चौधरी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और भाजपा प्रदेश कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य वरिष्ठ नेता उनके प्रस्तावक बने। उन्होंने कुल चार सेट में नामांकन पत्र भरा, जबकि किसी अन्य ने प्रस्ताव-पत्र दाखिल नहीं किया। निर्विरोध चयन की पुष्टि होते ही उनके धनेवा-धनेई स्थित आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। पटाखे फोड़कर, मिठाइयां बांटकर और पार्टी के समर्थन में नारे लगाकर उन्होंने खुशी का इजहार किया।भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश गुप्ता, सह-संयोजक मणिकांत द्विवेदी, नगर मंत्री सतन पांडेय, नगर उपाध्यक्ष विष्णु मद्धेशिया, रामबासी चौधरी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता वहां पहुंचे। सभी ने पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर अग्रिम बधाई दी और इसे पार्टी के लिए गौरव का क्षण बताया। फरेंदा क्षेत्र में भी मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे फोड़े गए।स्थानीय कार्यकर्ता शिवम जायसवाल ने कहा, “हमारे राजनीतिक गुरु रोहन चौधरी के पिता पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर सभी एकजुट होकर खुशी मना रहे हैं। हम उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं।” इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता, जिनमें सोनू शर्मा, राज जायसवाल, ध्रुव बर्मा, विजय चौधरी, रमेश चौधरी, राकेश वर्मा, रविंद्र वर्मा, विजय चौरसिया व मनी शामिल थे, मौजूद रहे। हालांकि औपचारिक घोषणा रविवार को होगी, लेकिन शनिवार को ही जश्न शुरू हो गया।पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नौतनवा क्षेत्र के पूर्व नगर अध्यक्ष गुड्डू खान ने भी कार्यकर्ताओं के साथ मिठाइयां बांटीं तथा पटाखे छोड़े।पिछले दो दिनों से पंकज चौधरी के इस पद की रेस में शामिल होने की अटकलें तेज थीं, जो अब साकार हो गईं।










