पूर्वांचल राज्य/ ब्यूरो
सोनभद्र, 26 फरवरी 2026।
जनपद सोनभद्र पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल लगभग 33 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खुलासा
थाना रॉबर्ट्सगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 1191/2025 (धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2)(क) बीएनएस व धारा 27-ए, 29 एनडीपीएस एक्ट) के तहत अभियुक्त भोला प्रसाद निवासी कायस्थ टोला, प्रहलाद घाट, थाना आदमपुर, वाराणसी तथा उसके पुत्र शुभम जायसवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि अभियुक्तगण “न्यू फेन्साडिल” नामक कोडीन युक्त कफ सिरप को नशे के लिए अवैध रूप से डायवर्ट कर संगठित आपराधिक नेटवर्क के माध्यम से भारी मात्रा में सीमा पार बांग्लादेश तक भेजते थे। इस अवैध कारोबार से उन्होंने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की।
विदेश भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस के अनुसार शुभम जायसवाल विदेश फरार हो चुका है। वहीं मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद को 29 नवंबर 2025 की रात विदेश भागने की कोशिश के दौरान Netaji Subhas Chandra Bose International Airport पर गिरफ्तार किया गया था।
पहले 28.50 करोड़, अब 4.50 करोड़ की और संपत्ति कुर्क
एसआईटी सोनभद्र द्वारा की गई विस्तृत जांच में अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर माननीय विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस कोर्ट, सोनभद्र के आदेश (22 जनवरी 2026) के अनुपालन में 23 जनवरी 2026 को लगभग ₹28 करोड़ 50 लाख की संपत्ति कुर्क की गई थी।
इसके बाद अभियुक्त एवं उनके परिजनों की अन्य संपत्तियों के संबंध में फ्रीजिंग आदेश जारी कर सक्षम प्राधिकारी/प्रशासक SAFEMA कोर्ट, दिल्ली को भेजा गया। एसआईटी द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर 24 फरवरी 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के अंतर्गत लगभग ₹4 करोड़ 50 लाख की अतिरिक्त संपत्ति कुर्क करने की अनुमति प्रदान की गई।
तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
सोनभद्र में कोडीन कफ सिरप तस्करी का बड़ा खुलासा, 33 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क










