पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।
तहसील सदर अंतर्गत क्षेत्र महदां में तैनात रहे लेखपाल पारसनाथ गोंड को सरकारी कार्य के दौरान जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चोलापुर थाने में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी 2025 को थाना दिवस चोलापुर में उपजिलाधिकारी सदर की उपस्थिति में ग्राम टिसौरा निवासी ग्राम प्रधान पति संजय यादव द्वारा चकमार्ग संख्या 678 (रकबा 0.028 हेक्टेयर) के सीमांकन के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस पर उपजिलाधिकारी ने पुलिस बल की मौजूदगी में तत्काल सीमांकन कराने का आदेश दिया।
आदेश के अनुपालन में उसी दिन चकमार्ग का सीमांकन कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद ग्राम टिसौरा निवासी अजय यादव, अक्षय यादव व राहुल यादव (तीनों पुत्र बच्चा लाल) लेखपाल के कार्यालय अभिलेखागार राजस्व (माल) पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विधिक जांच की जा रही है।










