पूर्वांचल राज्य ब्यूरो/सोनभद्र
दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित बीआरडी राजकीय पीजी कॉलेज दुद्धी में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्रीड़ा प्रभारी राजेश भारती ने बताया कि दूसरे दिन 500 मीटर दौड़ में मनीष ने प्रथम, अमित ने द्वितीय तथा रविंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गोला प्रक्षेप छात्र वर्ग में आशीष प्रथम, समशाद द्वितीय और प्रियांशु तृतीय रहे। वहीं छात्रा वर्ग के गोला प्रक्षेप में आकृति ने प्रथम, प्रकृति ने द्वितीय तथा दिव्यांका ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाला फेंक प्रतियोगिता में खुशी, आकृति और संध्या ने क्रमशः स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त रस्साकस्सी, लंबी कूद एवं ऊंची कूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुद्धी बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा एवं नव निर्वाचित सचिव दिनेश कुमार रहे। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामसेवक सिंह यादव सहित डॉ. अजय कुमार, डॉ. मिथलेश गौतम, डॉ. विवेकानंद, डॉ. सचिन, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. राकेश कन्नौजिया, डॉ. दिनेश चंद और डॉ. गीता समेत अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
दुद्धी में बीआरडी राजकीय पीजी कॉलेज का वार्षिक क्रीड़ा समारोह सम्पन्न










