Home / Uncategorized / बारात में आए युवक की पीट-पीटकर हत्या, बाइक से बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा

बारात में आए युवक की पीट-पीटकर हत्या, बाइक से बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान (22) वर्षीय युवक मोहन राजभर की बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना मंगलवार मध्यरात्रि करीब 11:30 बजे रेवती-सहतवार मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सहतवार थाना क्षेत्र के बलेऊर निवासी सुरेश राजभर की बेटी की बारात मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर से आई थी। जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हो चुका था। मृतक मोहन राजभर (22) अपने साथी विजय राजभर के साथ खाना खाकर जनवासे की ओर जा रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हमले में विजय राजभर भी मामूली रूप से घायल हुआ है। विजय ने बताया कि वे खाना खाकर जनवासे की तरफ जा रहे थे, तभी कुछ लोग गाड़ी से उतरे और बिना कुछ पूछे उन पर हमला कर दिया। मृतक मोहन राजभर दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। उसकी एक बहन भी है। मोहन गुजरात के राजकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह 18 फरवरी को ही शादी में शामिल होने के लिए गुजरात से अपने घर आया था। इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता श्रीकेवल राजभर ने थाने में तीन नामजद के विरूद्ध तहरीर दी है। तहरीर में लिखा है कि 24 फरवरी को मेरे गांव से ग्राम बलेऊर थाना सहतवार स्थित सुरेश राजभर की लड़की की शादी के लिए बारात आयी थी, जिसमें मेरा लड़का मोहन राजभर और उसका साथी विजय राजभर बारात में आए थे। यहां पर करीब 12.15 बजे रात में राजू यादव, रंजीत यादव निवासीगण सहतवार और पंकज राजभर निवासी बलेऊर, सहतवार ने मिलकर मोहन और विजय को किसी बात को लेकर गिराकर मारने-पीटने लगे। जिससे दोनों को काफी चोटें आईं और सभी लोग भाग गये। मौके पर राजू राजभर और संदीप राजभर मेरे लड़के तथा उसके साथी को इलाज के लिए डॉ. पवन वर्मा के यहां सहतवार ले गए। डॉक्टर ने जिला चिकित्सालय बलिया रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर ने घायल मोहन को देखा तो मोहन को मृत घोषित कर दिया। विजय को काफी चोटें आयीं है, जिसका प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया की मृतक के परिजन से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा जा चुका है, घटना में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *