Home / Uncategorized / संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक संपन्न

संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक संपन्न

चन्दौली जल्द बनेगा मॉडर्न जनपद — शिवम मिश्रा

चन्दौली। कलेक्ट्रेट सभागार में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग, भारत सरकार, नई दिल्ली के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने जनपद में अभियान की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चन्दौली स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तो जनपद आकांक्षी श्रेणी से निकलकर जल्द ही विकसित एवं मॉडर्न जनपद के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यात्मक शौचालय, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की शत-प्रतिशत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बच्चों को स्वच्छता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चलने वाला तीन माह का विशेष अभियान है। इसका उद्देश्य आकांक्षी जिलों एवं ब्लॉकों में चिन्हित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (केपीआई) का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है।

अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषण, बच्चों की नियमित माप, कार्यात्मक शौचालय एवं पेयजल सुविधा, विद्यालयों में बालिका शौचालय की उपलब्धता तथा पशुओं के टीकाकरण जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा जन्म के समय शिशुओं का वजन, क्षय रोग की अधिसूचना दर में सुधार तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के नियमित आयोजन को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक माह प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा जिला स्तरीय अधिकारी फील्ड विजिट कर जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई.के. राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, डीपीओ आईसीडीएस राज कपूर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *