Home / Uncategorized / कानपुर देहात में बड़ी कार्रवाई: 37 किलो गांजा के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार

कानपुर देहात में बड़ी कार्रवाई: 37 किलो गांजा के साथ महिला समेत तीन गिरफ्तार

पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी

कानपुर देहात। जनपद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। अकबरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37 किलो 40 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया तथा एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि यह एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह है। आरोपी छत्तीसगढ़ से गांजा खरीदकर कानपुर के रास्ते नोएडा तक सप्लाई करने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के तीनों सदस्य बुधवार को ही खेप की तस्करी की तैयारी में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बारा जोड़ पुल के पास स्थित बस स्टैंड पर कुछ लोग गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सुबह करीब 8:30 बजे तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश चौहान (23) पुत्र पप्पू सिंह एवं बादल सिंह (24) पुत्र जगदीश सिंह, दोनों निवासी ग्राम रठे, थाना किशनी, जनपद मैनपुरी तथा सुधा (35) पत्नी स्वर्गीय हरीओम सिंह, निवासी शाहीसराय मोहल्ला, थाना फरह, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध थाना अकबरपुर में मुकदमा संख्या 79/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी बारा उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह, एसआई नीरज शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *