Home / Uncategorized / दीप प्रज्ज्वलन के साथ गूंजा सेवा का संदेश: भगवंत पाण्डेय पीजी कॉलेज में NSS कार्यक्रम का भव्य समापन

दीप प्रज्ज्वलन के साथ गूंजा सेवा का संदेश: भगवंत पाण्डेय पीजी कॉलेज में NSS कार्यक्रम का भव्य समापन

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली

कुशीनगर। भगवंत पाण्डेय पी जी कॉलेज बोदरवार में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम का समापन समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मालती देवी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य अवध किशोर पाण्डेय रहे। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि एवं मंचासीन अतिथियों का राष्ट्रीय सेवा योजना का बैज लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
मुख्य अतिथि श्री पाण्डेय ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त साधना है। उन्होंने कहा कि NSS के माध्यम से छात्र-छात्राएं न केवल समाज की सेवा करते हैं, बल्कि अपने भीतर नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास भी करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि यह वर्ष भर संचालित होने वाला कार्यक्रम है और प्रत्येक छात्र-छात्रा को इससे जुड़कर अपने सर्वांगीण विकास की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रवक्ता श्री द्वारिका नाथ मिश्र एवं प्रशांत शुक्ला ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और सेवा भावना को जीवन का मूल मंत्र बताया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अरुण दूबे ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र प्रताप राव, प्राचार्य सुनील कुमार पाण्डेय, प्रवक्ता वंदना यादव, राजेश गौतम एवं सुधीर पति त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर पूरे परिसर में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि युवा शक्ति जब समाजसेवा के लिए आगे बढ़ती है, तो परिवर्तन की नई इबारत लिखी जाती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *