Home / Uncategorized / चौरी तिराहे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, चालक फरार

चौरी तिराहे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, चालक फरार

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ पनियरा
महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल बड़हरा स्थित चौरी तिराहे के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान जंगल बड़हरा निवासी जगदीश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामरतन के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम मृतक के ससुर उनके घर आए थे। दोनों ने साथ भोजन किया और रात में विश्राम के लिए चले गए। रात करीब 11:30 बजे जगदीश गुप्ता घर से बाहर शौच के लिए निकले। बताया जा रहा है कि वे सड़क पार कर दूसरी ओर गए थे और वापस लौटते समय जैसे ही सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की आवाज सुनकर सड़क किनारे दुकान के बाहर सो रहे उनके चाचा श्रीनिवास गुप्ता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक फरार हो चुका था। परिजन एवं स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी दुर्गावती तथा चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। दो पुत्र विवाहित हैं, जबकि एक अविवाहित है। पुत्री का विवाह हो चुका है। इस आकस्मिक हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
इस बावत थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *