पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले जनपद महराजगंज के मान्यता प्राप्त शिक्षक संगठनों ने एकजुट होकर आंदोलन के तीसरे चरण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आयोजित इस धरने में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।
धरने की अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने शिक्षकों को संगठन के वर्षों पुराने संघर्ष की याद दिलाते हुए कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए एकता ही सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर सभी शिक्षकों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि यह लड़ाई अन्याय के विरुद्ध है और शिक्षक समाज अपने अधिकारों को संघर्ष के बल पर प्राप्त करके रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष टी.एन. गोपाल एवं महामंत्री उपेन्द्र कुमार पाण्डेय ने भी संबोधित किया और शिक्षकों से संयमित लेकिन प्रभावी आंदोलन की अपील की।
धरना समाप्ति के पश्चात सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने उपस्थित शिक्षकों के समक्ष ज्ञापन का वाचन किया, जिस पर सभी ने सहमति जताई। इसके बाद शिक्षक बीएसए कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
इस दौरान बैजनाथ सिंह, अखिलेश पाठक, मनौवर अली, धीरज कुमार शाही, रजत शुक्ल, नवीन शुक्ल, पंकज सिंह, अजय पाण्डेय, जितेन्द्र पाण्डेय, अरुणेंद्र पाठक, सुरेन्द्र गुप्ता, सुधीर रंजन, मनोज वर्मा सहित जनपद के बारहों ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं मंत्री तथा हजारों शिक्षक उपस्थित रहे।
टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, बीएसए कार्यालय पर धरना










