Home / Uncategorized / डोमरी में एक घंटे में तीन लाख पौधे, काशी बनाएगी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

डोमरी में एक घंटे में तीन लाख पौधे, काशी बनाएगी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

एक मार्च को 350 बीघा में हरियाली का महाअभियान, महापौर ने परखी तैयारियां

पूर्वांचल राज्य वाराणसी। काशी अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विश्व पटल पर नया इतिहास रचने जा रही है। आगामी एक मार्च को रामनगर स्थित डोमरी क्षेत्र में एक घंटे के भीतर तीन लाख पौधे रोपने का अभूतपूर्व अभियान चलाया जाएगा। इस ऐतिहासिक प्रयास के साथ नगर निगम का लक्ष्य न केवल शहर की हरियाली बढ़ाना है, बल्कि इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराना भी है।
इस महाअभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को सिगरा स्थित नगर निगम सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने पार्षदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया गया। महापौर ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे एक मार्च को कम से कम 50 समर्थकों के साथ डोमरी पहुंचकर पौधारोपण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
बैठक से पूर्व महापौर ने जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों के साथ डोमरी का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से अभियान संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

350 बीघा में विकसित होगा ‘काशी का फेफड़ा’

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि डोमरी के 350 बीघा क्षेत्र को एक विशाल हरित वन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां नीम, पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे पारंपरिक एवं छायादार वृक्षों के साथ हर्बल पार्क और नक्षत्र वाटिका भी विकसित की जाएगी। वर्तमान में भूमि चिन्हांकन और गड्ढों की खुदाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि निर्धारित समय में तीन लाख पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जा सके।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि वाराणसी को ‘स्मार्ट सिटी’ के साथ-साथ ‘ग्रीन सिटी’ बनाना नगर निगम का संकल्प है। डोमरी का यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और बेहतर पर्यावरण की सौगात मिलेगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि यह पहल सिर्फ रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है। सघन पौधारोपण से शहर के तापमान में गिरावट आएगी, धूल और प्रदूषण में कमी होगी तथा ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण’ में वाराणसी की रैंकिंग में भी उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

एक घंटे में तीन लाख पौधों के रोपण का यह महाअभियान काशी के पर्यावरणीय संकल्प को नई ऊंचाई देगा और शहर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *