पूर्वांचल राज्य ब्यूरो/सोनभद्र
दुद्धी (सोनभद्र), 26 फरवरी 2026।
दुद्धी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने कुल ₹22,799 की ठगी गई धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई है।
पहले मामले में टेढ़ा निवासी रामलखन के साथ अज्ञात कॉलर ने फोन पर डरा-धमकाकर ₹21,000 की साइबर ठगी कर ली थी। वहीं दूसरे मामले में दुद्धी निवासी अजय कुमार से ‘एमपॉकेट लोन ऐप’ के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए ₹1,799 की धोखाधड़ी की गई थी। दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के नेतृत्व में दुद्धी थाना पुलिस व साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की। आवश्यक साक्ष्य संकलित कर संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित किया गया। न्यायालय के आदेश पर होल्ड कराई गई पूरी धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ितों के मूल खातों में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्रवाई की सराहना की।
धनराशि वापस कराने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह
कांस्टेबल मन्तोष कुमार
महिला कांस्टेबल संध्या यादव
साइबर जागरूकता अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में संपर्क करें। साथ ही www.cybercrime.gov.in� पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
“जागरूक रहिए, सुरक्षित रहिए।”
सोनभद्र जिला में साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों को मिली राहत, ₹22,799 वापस









