पूर्वाचल राज्य ब्यूरो वाराणसी
सेवापुरी। पुलिस ने धर्म परिवर्तन के एक मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जंसा थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने अजय कुमार (40 वर्ष) को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। अजय कुमार सहारनपुर के खरजा अहमदपुर चंदेना कोली, थाना देवबंद का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, जंसा थाने में अमन सेठ ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गुलाब सिंह के माध्यम से जानकारी मिली कि अजय कुमार ने धन का लालच देकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराने का प्रयास किया। आरोपी ने कथित तौर पर 40 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया था, जिसमें से 5 हजार रुपये अग्रिम के तौर पर दिए गए थे।
यह गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 के तहत दर्ज मुकदमे के संबंध में की गई है। इस मामले में पहले भी 24 जनवरी 2026 को विजय कुमार (42 वर्ष) निवासी ग्राम परमन्दापुर, जंसा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
प्रभारी निरीक्षक जंसा अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। इस गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी परमपुर उप निरीक्षक आयुष कुमार ओझा और उप निरीक्षक ताबिश खान की टीम शामिल थी।










