Home / Uncategorized / जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक

औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं प्राथमिकता से दूर कर उन्हें आकर्षक व आधुनिक बनाया जाए : डीएम

पूर्वांचल राज्य/चंदौली ब्यूरो

चंदौली।कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के प्रवेश मार्ग (लोक निर्माण विभाग के लंका-अलीनगर मार्ग) को चौड़ा कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं ग्राम डाबरिया, धानपुर में स्थापित हो रहे सीबीजी प्लांट तक लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों के संबंध में अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर हरसंभव प्रयास से समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए और नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा निवेश और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि जनपद का औद्योगिक विकास तेज हो सके।

बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *