चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बबियांव गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में वार्षिक उत्सव बड़े ही उत्साह, हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और ग्रामवासियों का मन मोह लिया।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य, नाटक और कविताओं ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों की ओर से भरपूर तालियां गूंजती रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर डॉ. नागेन्द्र सरोज ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। शिक्षा से बच्चों में नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में सहयोगी भूमिका निभाएं और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय सहभागिता करें।
इस अवसर पर भारतीश मिश्र, अरुण पांडेय, सुनील सर, अरविंद सर सहित विद्यालय परिवार की ओर से निशा चतुर्वेदी, रेनू पांडेय व अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं अभिभावक मौजूद रहे और बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।
प्राथमिक विद्यालय बबियांव में हर्षोल्लास के साथ मना वार्षिक उत्सव









