सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा पीजी कॉलेज में आगामी 28 फरवरी को ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
कार्यक्रम के तहत चयनित छात्र-छात्राएं विधानसभा और लोकसभा की कार्यवाही का अनुकरण करते हुए अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। अब तक पांच दर्जन से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। आयोजन में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम कुंदन राज कपूर होंगे।
प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि प्रतिभागियों को एक निर्धारित विषय दिया जाएगा, जिस पर वे अपनी बात रखेंगे। चयनित छात्र पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में प्रतिभाग करेंगे। वहां से चयनित होने पर उन्हें संसद में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेगा।
प्राचार्य ने कहा कि नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों की पूर्ति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उल्लेखनीय है कि पिछली बार भी महाविद्यालय के दो छात्र लखनऊ विधानसभा में प्रतिभाग कर चुके हैं।
बैठक में प्रो. शमीम राइन, प्रो. जितेंद्र यादव, प्रो. बिजेंद्र सिंह, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. इंद्रदेव सिंह, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. सीता मिश्रा, श्यामलाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।










