डॉ. अरविंद राजभर ने संगठनात्मक दौरे में कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज।
महराजगंज जनपद में शनिवार को डॉ. अरविंद राजभर, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री,(सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) का संगठनात्मक दौरा संपन्न हुआ। दौरे के दौरान आगामी 15 मार्च 2026 को प्रस्तावित सामाजिक समरसता महारैली की तैयारियों को लेकर विस्तृत बैठक आयोजित की गई।
डॉ. राजभर ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए न्याय पंचायत स्तर तक जिम्मेदारियां तय करने और प्रत्येक बूथ व पंचायत में जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार से जोड़ना और समान अवसर उपलब्ध कराना पार्टी की प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. राजभर ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड बहुमत से एनडीए सरकार के गठन का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना, युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जोड़कर रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना तथा बेटियों की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क करना समय की मांग है। साथ ही उन्होंने प्राथमिक विद्यालय स्तर से ही संविधान के समग्र अध्ययन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को न्यायालय से राहत मिलने और उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में न्यायपालिका सर्वोपरि है और अदालत के निर्णयों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाने से बचने की अपील की।
अंत में डॉ. राजभर ने जनपदवासियों से 15 मार्च को आयोजित सामाजिक समरसता महारैली में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
15 मार्च की सामाजिक समरसता महारैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान










