Home / Uncategorized / प्रेमी से विवाह की जिद में युवती टावर पर चढ़ी, घंटों चली समझाइश के बाद उतरी सुरक्षित

प्रेमी से विवाह की जिद में युवती टावर पर चढ़ी, घंटों चली समझाइश के बाद उतरी सुरक्षित

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/निचलौल।
जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती प्रेमी से विवाह की मांग को लेकर गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लगभग तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद युवती को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती का पड़ोसी गांव के एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों आपसी सहमति से विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवक के परिजनों ने उसकी शादी कहीं अन्यत्र तय कर दी। यह बात पता चलने पर युवती भावनात्मक रूप से आहत हो गई। शुक्रवार तड़के लगभग चार बजे वह घर से निकल गई। परिजनों के अनुसार वह सहरी तैयार कर घर से बाहर गई थी।
सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने उसे मोबाइल टावर पर चढ़ा देखा तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 6326 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी से विवाह की मांग पर अड़ी रही।
इस दौरान जानकारी मिली कि युवक नेपाल गया हुआ है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उससे संपर्क स्थापित किया और तत्काल मौके पर बुलवाया। युवक के पहुंचने तथा विवाह का आश्वासन देने के बाद युवती शांत हुई और सुरक्षित नीचे उतर आई।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *