Home / Uncategorized / मिशन शक्ति टीम का जागरूकता अभियान, अफवाहों से सतर्क रहने व बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर

मिशन शक्ति टीम का जागरूकता अभियान, अफवाहों से सतर्क रहने व बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
महराजगंज जनपद में कोठीभार पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने शुक्रवार को सिसवा बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय मिरशिकारी टोला में जागरूकता अभियान चलाया। होली पर्व के मद्देनजर फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल ड्रेस में आने, पहचान पत्र साथ रखने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आने की सलाह दी गई। टीम ने बच्चों को समझाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विषम परिस्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
बालिकाओं को विशेष रूप से सुरक्षा, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी गई। महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी-वन स्टॉप सेंटर’ तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि छात्राएं अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग रह सकें।
कार्यक्रम में बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। मिशन शक्ति टीम ने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।
अभियान में उपनिरीक्षक राहुल राय, उपनिरीक्षक संदीप कुमार एवं महिला कांस्टेबल विंध्यवासिनी शुक्ला की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय के शिक्षक धीरज कुमार शाही, सूर्यभान, प्रीति राय, सरिता सिंह और रिंकी देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *