पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पूरे उत्साह के साथ पर्व का आनंद उठाया।
स्कूल परिसर रंग-बिरंगे रंगों से सराबोर नजर आया। बच्चों ने हंसी-खुशी के साथ होली खेली और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ मिलकर होली का उत्सव मनाया तथा उन्हें सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली खेलने की सीख दी।
इस अवसर पर स्कूल के एम.डी. सर ने कहा कि होली का त्योहार प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को मिल-जुलकर त्योहार मनाने और प्राकृतिक रंगों का उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता, होली क्विज और होली डांस जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय और प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
होली के इस रंगारंग समारोह ने बच्चों को न केवल आनंदित किया, बल्कि उन्हें सांस्कृतिक मूल्यों से भी जोड़ा। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ।










