Home / Uncategorized / डिजिटल होगी जनगणना-2027,तैयारियों को लेकर निर्देश जारी

डिजिटल होगी जनगणना-2027,तैयारियों को लेकर निर्देश जारी

जिला स्तरीय समिति का पहला प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली।जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति का पहला प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने की।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 वर्ष 1872 से अब तक की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की 8वीं जनगणना होगी। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए किया जाएगा। डिजिटल प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष रहने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना कार्य के लिए दो मास्टर ट्रेनर और 66 फील्ड ट्रेनर तैयार किए जा चुके हैं। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सूची का डिजिटल संधारण भी कर लिया गया है, जिससे सीएमएमएस पोर्टल पर जनगणना अधिकारियों का डाटाबेस अपलोड करने की प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके।

बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि मनोज द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में भवन गणना और दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी।

बैठक में उप जिलाधिकारीगण, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा अपर जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *