Home / Uncategorized / होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 2 क्विंटल मिलावटी खोया जब्त, मौके पर नष्ट

होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 2 क्विंटल मिलावटी खोया जब्त, मौके पर नष्ट

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली। पीडीडीयू नगर। आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 क्विंटल मिलावटी खोया जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के पास एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की। वाहन में लगभग 10 से 12 क्विंटल खोया बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। पूछताछ में चालक ने बताया कि खोया सोनभद्र और बिहार से लाकर मुगलसराय खोया मंडी में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में खोया में मिलावट की पुष्टि होने पर विभाग ने एक खाद्य कारोबारी के यहां से भी नमूना संकलित कर जांच के लिए भेजा। करीब 2 क्विंटल मिलावटी खोया को चकिया रोड के पास विनष्ट कर डंप करा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी मुगलसराय के सहयोग से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रही। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव ने नमूना संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। मैना ताली चौकी का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता और खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों और घरों में टिंचर आयोडीन सॉल्यूशन अवश्य रखें। विभाग के अनुसार खोया पर आयोडीन टिंचर की कुछ बूंदें डालने पर यदि उसका रंग काला पड़ जाता है, तो उसमें मिलावट की आशंका होती है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *