पूर्वांचल राज्य/चंदौली
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चुनाव में कुल 249 मतदाताओं के सापेक्ष 246 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 7 मत अवैध घोषित किए गए, जबकि 239 मत वैध पाए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अशोक कुमार यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोमनाथ सिंह यादव को 149 मतों के अंतर से पराजित किया। अशोक कुमार यादव को 194 मत तथा सोमनाथ सिंह यादव को 45 मत प्राप्त हुए।
महामंत्री पद पर रामराज सिंह यादव ने 157 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 198 मत मिले, जबकि शेख रिजवान अहमद को 41 मत प्राप्त हुए।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेश कुमार (एडवोकेट), कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर साबिर अली (एडवोकेट) तथा कोषाध्यक्ष पद पर दीपक कुमार (एडवोकेट) निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। कार्यकारी सदस्य के रूप में बब्बन सिंह, मनोज कुमार पांडेय, पंकज कुमार, सुरेंद्र कुमार विश्वकर्मा एवं अंगद सिंह कुशवाहा चुने गए।
गौरतलब है कि नामांकन के दिन बार एसोसिएशन में गहमागहमी का माहौल रहा और संगठन दो गुटों में बंटता नजर आया था।एक गुट द्वारा पदों को लेकर निर्विरोध घोषणा किए जाने के बाद चुनाव कराने को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा चुनाव से एक दिन पूर्व ही सकलडीहा कोतवाली के प्रभारी भूपेंद्र कुमार एएसपी के साथ मौका पर निरीक्षण कर सीसी टीवी कैमरा आदि सुरक्षा विषयों पर चर्चा कर चुके थे।
मतदान के दिन सुबह से ही तहसील परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार की देखरेख में भारी पुलिस बल के साथ चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। चुनाव संपन्न होने के बाद अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने बार के हितों की रक्षा, अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान तथा संगठन की एकता बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।










