Home / Uncategorized / जूनियर हाई स्कूल रणहोर में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

जूनियर हाई स्कूल रणहोर में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

पूर्वांचल राज्य- संवाददाता दीपू तिवारी

अनपरा ( सोनभद्र ) हिंडालको रेनुसागर ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से जूनियर हाई स्कूल रणहोर में विश्व विज्ञान दिवस के मद्देनजर एक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्युत उत्पादन, मानव शरीर रचना, डिजिटल तकनीक तथा अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित मॉडलों ने अभिभावकों एवं अतिथियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली समझाई, जिससे उनकी वैज्ञानिक सोच एवं रचनात्मक क्षमता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा समाजहित में अपने ज्ञान का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, हिंडालको रेनुसागर के इंजीनियर आशीष पांडेय एवं रवि कुमार विश्वकर्मा ने तकनीकी ज्ञान साझा करते हुए कहा कि विज्ञान का उपयोग मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के लिए किया जाना चाहिए। नई तकनीकों को अपनाते समय सतत विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व का ध्यान रखना आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश विश्वकर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है। अंत में उत्कृष्ट मॉडलों को पुरस्कृत कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षिका सविता सिंह, सुनीता प्रकाश, शिक्षक विवेक प्रताप सिंह, संतोष बैश्य, श्रीपाल बर्मा, सुनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *