पूर्वांचल राज्य, वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गोसाईंपुर मोहांव व टेकारी बॉर्डर स्थित पावन धुरेश्वरी धाम में शनिवार, 28 फरवरी को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में राधारानी एवं भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य मूर्तियों की विधिवत स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हवन की पवित्र अग्नि के साक्ष्य में प्राण प्रतिष्ठा समारोह सम्पन्न हुआ।
मंदिर प्रांगण में पांच हवन कुंड स्थापित किए गए, जहां पांच दंपत्तियों ने वैदिक विधान से पूजन-अर्चन एवं कथा श्रवण किया। विद्वान ब्राह्मणों द्वारा पूरे विधि-विधान से पूजा सम्पन्न कराई गई। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दोपहर से प्रारंभ हुआ विशाल भंडारा देर रात तक अनवरत चलता रहा। हजारों ग्रामीणों एवं दूर-दराज से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि धुरेश्वरी धाम परिसर में पूर्व से ही मां धुरेश्वरी, भगवान शंकर महादेव, हनुमान जी एवं बनशत्ती देवी की प्रतिमाएं स्थापित हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं के दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहयोग से 16 जनवरी 2025 को मंदिर की नींव रखी गई थी, जो एक वर्ष के भीतर भव्य रूप में साकार हो गई।
इस पावन अवसर पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, सकलडीहा के विधायक प्रभुनारायण यादव, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, गोसाईंपुर मोहांव के निवर्तमान प्रधान रामजनम यादव, टेकारी के प्रधानपति जित्तन यादव, रामकरण मौर्या, राम अवतार यादव, बनवारी लाल यादव, सूर्यनाथ यादव, संतोष कुमार यादव, नान्हक यादव, रामजीत यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य जन व सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंदिर के पुजारी महंत मेवा दास ने किया।
धुरेश्वरी धाम में राधा-कृष्ण की स्थापना से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का नवप्रभात उदित हुआ।










