Home / Uncategorized / जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में प्रतिभागियों ने बिखेरी प्रतिभा

जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में प्रतिभागियों ने बिखेरी प्रतिभा

पूर्वांचल राज्य/रुद्र पाठक

सकलडीहा।शनिवार को सकलडीहा पी. जी. कॉलेज में ‘विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प से प्रेरित होकर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की समझ विकसित करते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सकारात्मक नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं अभिव्यक्ति क्षमता को सशक्त बनाते हैं।

जिला युवाधिकारी कपिलदेव राम ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि संसदीय प्रणाली का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन जनपद स्तर पर किया गया। प्रतियोगिता में शीर्ष पांच प्रतिभागियों में प्रथम स्थान अंजू यादव, द्वितीय स्थान सुहानी तिवारी, तृतीय स्थान नियामत अली, चतुर्थ स्थान सौरभ सिंह तथा पंचम स्थान अच्युत त्रिपाठी ने प्राप्त किया। चयनित प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विधानसभा में भाषण प्रस्तुत करेंगे।

जिला नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र यादव ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत का लक्ष्य साकार होगा।

निर्णायक मंडल में प्रो. ध्रुवभूषण सिंह (प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय धानापुर), प्रो. दयानिधि सिंह यादव (सकलडीहा पी. जी. कॉलेज), डॉ. हरीश कुमार एवं डॉ. विकास सिंह (बीएचयू), तथा डॉ. विनोद कुमार (लालबहादुर शास्त्री पी.जी. कॉलेज, मुगलसराय) शामिल रहे।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संसदीय गतिविधियों का प्रभावी प्रदर्शन किया। संचालन डॉ. श्याम लाल यादव ने किया, जबकि अंत में डॉ. रजनीश गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *