पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
सिसवा नगर में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर मलवरी कॉन्वेंट स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय देते हुए 100 से अधिक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी को देखने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और नगर के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भूमि विकास बैंक निचलौल के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर विद्यार्थियों से मॉडलों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान और तकनीक का है। ऐसी प्रदर्शनियां बच्चों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, नवाचार और तार्किक दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्रों को नई खोज करने, प्रयोगधर्मिता अपनाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक अमित अंजन तथा प्रबंधक शुभ्रा सिंह जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा भी प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शनी में प्रोजेक्टर, वेंडिंग मशीन, वाटर साइकिल, वाटर फिल्टर, एस्केलेटर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्मार्ट सिटी, विंड मिल पावर प्लांट, फ्री एनर्जी जनरेटर और थ्री-डी होलोग्राम जैसे मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा शहर और गांव के बीच अंतर, संतुलित आहार, पौधों के भाग तथा वैक्यूम क्लीनर जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
अतिथियों ने बाल वैज्ञानिकों की कल्पनाशीलता, प्रस्तुति शैली और वैज्ञानिक समझ की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में हनुमान जायसवाल, अवध किशोर सुल्तानिया, लक्ष्मी शर्मा, सत्या जायसवाल, अफ़सा अंसारी, श्याम बिहारी और सूरज केसरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सिसवा के मलवरी कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी, 100 से अधिक मॉडल प्रदर्शित










